बिटकॉइन मनी लॉन्ड्रिंग केस: राज कुंद्रा ने PMLA कोर्ट के समन को बॉम्बे हाई कोर्ट में दी चुनौती, आज सुनवाई
शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, बिटकॉइन मामले में PMLA कोर्ट के समन और संज्ञान आदेश को दी चुनौती, आज होगी सुनवाई
कारोबारी राज कुंद्रा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दायर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विशेष PMLA अदालत के आदेश को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। जिसपर आज सुनवाई होनी है।
याचिका में राज कुंद्रा ने 5 जनवरी 2026 को विशेष PMLA कोर्ट द्वारा पारित उस आदेश को रद्द करने की मांग की है, जिसके तहत अदालत ने ED की सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ समन जारी किया था।
कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने बताया कि याचिका के अनुसार, ED ने 16 सितंबर 2025 को राज कुंद्रा को आरोपी नंबर 17 बनाते हुए सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन शिकायत दाखिल की थी। इसके बाद विशेष PMLA अदालत ने 5 जनवरी 2026 को मामले का संज्ञान लिया और समन जारी किया।
राज कुंद्रा का दावा है कि अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 223(1) के तहत अनिवार्य सुनवाई का अवसर दिए बिना संज्ञान लिया, जो कानून के प्रावधानों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के विपरीत है।
याचिका में सुप्रीम कोर्ट के कुशल कुमार अग्रवाल बनाम ED मामले के फैसले का हवाला देते हुए कहा गया है कि किसी आरोपी के खिलाफ संज्ञान लेने से पहले उसे सुनवाई का अवसर दिया जाना आवश्यक है।
राज कुंद्रा ने हाई कोर्ट से विशेष PMLA अदालत के 5 जनवरी 2026 के आदेश और उसके आधार पर जारी समन को रद्द करने की मांग की है। मामले पर जल्द सुनवाई होने की संभावना है

