भागीरथ स्पेशल स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और सीडीओ को बांधी राखी
गाजियाबाद: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भागीरथ सेवा संस्थान द्वारा संचालित भागीरथ स्पेशल स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी। बच्चों ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड, पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और सुरक्षा का संदेश दिया।

संस्थान की प्रवक्ता अदिति जैन संग बच्चे सुबह ज़िला मुख्यालय और फिर पुलिस कमिश्नर ऑफिस पंहुचे। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अधिकारियों का टीका कर उनको राखी बांधी और मिठाई खिलाई। बच्चों ने अपने हाथों से बनाये हैंड-क्राफ्ट सामान भेंट किए। अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ आत्मीयता से मुलाकात की और उन्हें गिफ्ट दिए। कार्यालय में बच्चों के पहुंचने से माहौल भावुक और खुशनुमा हो गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनमें आत्मविश्वास एवं अपनत्व की भावना विकसित करना था। बच्चों ने अपनी मासूमियत और स्नेह से रक्षाबंधन के पर्व को अधिकारियों के लिए भी यादगार बना दिया।

इस ख़ास मौके पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें समान अवसर, सम्मान तथा स्नेह मिलना चाहिए। भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक अमिताभ सुकुल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और समाज में समावेशिता का संदेश मजबूत होता है।
