गाज़ियाबाद। भगवान हनुमान के प्रति श्रद्धा और आस्था का अनूठा नज़ारा उस समय देखने को मिला, जब शहर के सिल्वर सिटी मॉल में करीब 500 श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से फिल्म ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन देखा। फिल्म को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और भक्ति भाव देखने को मिला — बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक धार्मिक परिधानों में पहुंचे, जिनमें लाल और पीले रंग के वस्त्र खासतौर पर आकर्षण का केंद्र रहे।
फिल्म देखने पहुंचे श्रद्धालुओं का उत्साह सामान्य प्रदर्शन से बिल्कुल अलग नज़र आया। दर्शक नंगे पैर सिनेमाघर पहुंचे और पूरी फिल्म के दौरान इसी तरह बैठे रहे। उनके चेहरों पर स्पष्ट श्रद्धा और आस्था झलक रही थी, मानो वे कोई फिल्म नहीं बल्कि भगवान हनुमान के जीवन से जुड़े प्रसंगों का साक्षात आध्यात्मिक अनुभव कर रहे हों।
फिल्म शुरू होने से पहले सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद पूरे परिसर में ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयकारों से माहौल गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं द्वारा एक साथ लगाए गए जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। फिल्म के दौरान भी दर्शकों में गहरी आस्था और उत्सुकता देखने को मिली।
फिल्म समाप्त होने के बाद दर्शकों ने जमकर सराहना करते हुए इसे भगवान हनुमान की भक्ति, भारतीय संस्कृति और सनातन आस्था से जुड़ा एक प्रभावशाली अनुभव बताया। कार्यक्रम में शामिल एड. वर्षा तोमार शिवपुरी ने कहा कि इस फिल्म को सामूहिक रूप से देखना अपने आप में एक अलग और यादगार अनुभव रहा। साधु तिवारी पार्वती ने भी अपनी प्रस्तुतियों से आयोजन को भगवान हनुमान के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का सराहनीय प्रयास बताया।
करीब 500 श्रद्धालुओं की सामूहिक उपस्थिति और उनके बीच दिखाई दिया गहरा श्रद्धा भाव इस आयोजन की सबसे खास बात रहा। फिल्म देखने पहुंचे लोगों के लिए यह केवल सिनेमा देखने का अवसर नहीं, बल्कि सामूहिक भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति का एक यादगार अवसर बन गया।
श्री नारायण संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

