करीब 930 वाहन स्वामियों ने लिया हिस्सा, 35.11 लाख रुपये का राजस्व जमा; टैक्स, फिटनेस, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कामों के लिए बनाए गए थे 10 काउंटर

गाजियाबाद में वाहन मालिकों को परिवहन विभाग की सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहला परिवहन मेला आयोजित किया गया। संभागीय परिवहन कार्यालय के सारथी भवन में लगे इस मेले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामी पहुंचे और विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम के दौरान 51 वाहन मालिकों को बकाया पेनल्टी में कुल 4.16 लाख रुपये की छूट दी गई। वहीं, मेले के माध्यम से कुल 35.11 लाख रुपये का राजस्व जमा कराया गया।

परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद अतुल गर्ग को करना था, लेकिन उनके उपलब्ध नहीं होने के कारण संभागीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने मेले का शुभारंभ किया।
930 वाहन मालिक पहुंचे, 10 काउंटरों पर मिलीं सुविधाएं

मेले में वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए 10 अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। यहां बकाया टैक्स जमा करने, वाहन के रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराने, नए वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस प्रमाण-पत्र और परमिट से संबंधित कार्य किए गए।

विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, करीब 930 वाहन स्वामी मेले में पहुंचे। लगभग 98 लोगों ने पेनल्टी में छूट के लिए आवेदन किया था। इनमें से 51 आवेदकों को 4.16 लाख रुपये की राहत दी गई। इसके अलावा 28.67 लाख रुपये का बकाया राजस्व जमा हुआ।
नए वाहन पंजीकरण से लेकर ड्राइविंग लाइसेंस तक के काम

परिवहन मेले में कई तरह की सेवाओं का निस्तारण किया गया। विभाग के अनुसार, आयोजन के दौरान 150 नए वाहनों का पंजीकरण हुआ। 110 नए परमिट जारी करने और परमिट नवीनीकरण के कार्य किए गए। इसके अलावा 50 व्यावसायिक वाहनों का पंजीकरण और 125 ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्य पूरे किए गए।

वाहन डाटाबेस में 175 आवेदकों के मोबाइल नंबर भी अपडेट किए गए। विभाग का उद्देश्य वाहन मालिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और सेवाओं को सरल बनाना रहा।
सड़क सुरक्षा और राहवीर योजना की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की गई।

साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने भारत सरकार की राहवीर योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पात्र मददगारों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
नवंबर और दिसंबर में भी आयोजित होंगे परिवहन मेले

परिवहन विभाग ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे। नवंबर 2026 के चौथे शुक्रवार और दिसंबर 2026 के चौथे शनिवार को भी परिवहन मेले आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।

कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा और संभागीय निरीक्षक विवेक कुमार खरवार समेत विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

परिवहन विभाग का कहना है कि इन आयोजनों के जरिए वाहन मालिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ बकाया राजस्व वसूली को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

लेखक

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You missed