हरियाली तीज पर गाजियाबाद में महिलाओं ने की जमकर मस्तीझूले के साथ ही खेल प्रतियोगिताओं और नाच-गाने से बाँधा समा
Oplus_16908288
गाजियाबाद। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के साथ ही शनिवार को हरियाली तीज ने लोगों, खासकर महिलाओं, की खुशी दोगुनी कर दी। गाजियाबाद शहर के विभिन्न स्थानों के साथ ही वसुंधरा सेक्टर-16 स्थित चंद्र शेखर आजाद पार्क में हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में तीज का उत्सव मनाते हुए जमकर मस्ती की। तीज महोत्सव में भागीदारी करने वाली महिलाओं के लिए इससे मेल खाते हुए हरे रंग का ड्रेस कोड रखा गया था। हरे-भरे परिधानों से सजी महिलाओं के साथ ही सुंदर तरीके से सजे झूले, गीत-संगीत और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष नीलम सिन्हा, सांस्कृतिक सचिव संध्या सक्सेना, कार्यकारिणी सदस्य ऋतु शर्मा, सीमा मन्हास, कमला नेगी और पूजा कौशिक मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। आयोजकों ने महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व के महत्व पर भी प्रकाश डाला। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर कार्यक्रम की खूबसूरती बढ़ा दी।
तीज समारोह के दौरान महिलाओं के लिए कई तरह के खेल और मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में झूला झूलने का भी विशेष आकर्षण रहा। महिलाओं ने बारी-बारी से झूले का आनंद लिया और तीज के पारंपरिक उल्लास को जीवंत कर दिया। हंसी-मजाक और उत्साह के बीच पूरा माहौल खुशनुमा बना रहा।

कार्यक्रम में नृत्य और गायन की प्रस्तुतियों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पूजा कौशिक ने फिल्मी गीत “जय-जय शिव शंकर, कांटा लगे ना कंकर” पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति पर मौजूद महिलाओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल त्योहार की खुशियां बढ़ा देते हैं बल्कि आपसी सौहार्द बढ़ाने में भी भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।